फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: रिश्वत लेते लेखपाल व मुंशी गिरफ्तार

Wed, 18 Dec 2024 12:17 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। शहर में सदर तहसील के बाहर मंगलवार दोपहर अयोध्या की एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल व उसके मुंशी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान वीडियो बना रहे एक दूसरे लेखपाल को भी कुछ देर हिरासत में लिया गया। सफदरगंज थाने में एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर की तहरीर पर लेखपाल और मुंशी के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया है। उन पर एक किसान से जमीन की पैमाइश के नाम पर 20 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप है। इसे लेकर लेखपालों ने शहर कोतवाली में हंगामा करने के बाद तहसील में विरोध प्रदर्शन भी किया।
विज्ञापन


मंगलवार दोपहर अयोध्या से आई एंटी करप्शन की टीम ने धड़पकड़ को लेकर डीएम सत्येंद्र कुमार को जानकारी दी। इसके बाद लखनऊ अयोध्या मार्ग के किनारे सदर यानी नवाबगंज तहसील के बाहर खसपरिया के लेखपाल दीपक यादव और एक कथित मुंशी शमशेर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्रवाई का विरोध करने और वीडियो बनाने के कारण टीम ने दूसरे क्षेत्र के एक लेखपाल सुनील कुमार को भी हिरासत में ले लिया। कुछ ही देर में टीम दीपक की कार समेत तीनों को लेकर चली गई। जैसे ही यह खबर तहसील तक पहुंची तो लेखपालों में हड़कंप मच गया। तहसील के सभी लेखपाल आनन फानन कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे। हालांकि यहां कोतवाल ने इस कार्रवाई से कोई मतलब न होने की बात कही। फिर भी लेखपाल सुनील के भाई ने पुलिस को एक तहरीर दी जिसमें अज्ञात लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया गया। उधर, एंटी करप्शन की टीम दोनों लेखपाल व मुंशी को लेकर सफदरगंज थाने पहुंची। लेखपाल दीपक और कथित मुंशी पर आरोप है कि उसने बलवंत नामक किसान से पैमाइश के नाम पर 20000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन से की थी। इसी के तहत टीम ने कार्रवाई की है। सफदरगंज के एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर की तहरीर पर लेखपाल दीपक यादव व मुंशी शमशेर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, हिरासत में लिए गए लेखपाल सुनील को छोड़ दिया गया है।



________
विजिलेंस कर सकती है संपत्ति की जांच

एंटी करप्शन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के बाद अब विजिलेंस को उनकी संपत्ति की जांच के लिए लिखा जाएगा। आय से अधिक संपत्ति मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन




________
आठ लेखपाल और कानूनगो रडार पर

पिछले कई सालों से बाराबंकी व लखनऊ के बीच जमीन की खरीद फरोख्त से लेकर अन्य कई मामले चर्चा में रहे हैं। पिछले कई दिनों से लेखपालों की कार्यशैली पर नजर रखी जा रही थी। इनके मोबाइल फोन की काल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है। सदर तहसील के आठ लेखपाल और दो कानूनगो जांच के रडार पर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें