बाराबंकी। जिले के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। रामसनेहीघाट क्षेत्र में वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक और शहर क्षेत्र में एक मजदूर की जान गई है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात रामसनेहीघाट इलाके के भिटरिया के पास तेज रफ्तार टाटा मैजिक चालक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में क्षेत्र के धरौली पूरे वैश्य निवासी संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को बनीकोडर सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से मैजिक को कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। उधर शहर कोतवाली क्षेत्र के अयोध्या हाईवे पर शनिवार देर रात केवाड़ी मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से असेनी निवासी बबलू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने उसे इलाज के अस्पताल पहुंचाया, जहां बबलू की मौत हो गई। उसके परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। वह रात में मजदूरी करके घर लौट रहा था।