बाराबंकी। अलग-अलग क्षेत्रों में तालाब व नाले में डूबने से बालक और एक वृद्धा की मौत हो गई। लोनीकटरा गांव के किनारे से गुजरे नाले में शुक्रवार को अमेठी के जगदीशपुर थानान्तर्गत ओनिया गांव निवासी इसराइल के सात वर्षीय बेटे इसापीर डूब गया। इसराइल लोनीकटरा गांव के ईदगाह के पास दस दिन से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। शुक्रवार को खेलने निकला बेटा काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवारीजन उसकी तलाश में निकले।
नाले में डूबे बालक को निकालकर परिवारीजन सीएचसी त्रिवेदीगंज ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया है। उधर, बदोसराय क्षेत्र के ग्राम भीती मजरे शेषपुर टुटरू निवासी ज्ञानवती शुक्रवार को पालतू मवेशी को पकड़ने के दौरान तालाब में गिर गई। जानकारी पर ग्रामीणों ने महिला को तालाब से निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है