बाराबंकी। घरों के ऊपर से गुजरी बिजली की हाईटेंशन लाइन जानलेवा साबित हो रही है। गुरुवार सुबह दरियाबाद क्षेत्र में मकान के ऊपर से गुजरी लाइन की चपेट में आकर सास-बहू गंभीर रूप से झुलस गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां बहू ने दम तोड़ दिया। सास की हालत गंभीर बनी है।
दरियाबाद के ग्राम बभनाभारी में रामू के घर के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजरी है। एक मंजिल के मकान की छत से लाइन की दूरी करीब दो फीट है। गुरुवार सुबह सात बजे रामू की पत्नी राखी (26) छत पर गई थी। इस दौरान राखी तार की चपेट में आ गई। करंट लगते ही राखी चीखी तो सास संवारा देवी ने दौड़कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। संवारा ने बहू को तार से अलग कर दिया लेकिन खुद भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।
परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से सास-बहू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथुरानगर में भर्ती कराया। चिकित्सक ने राखी को मृत घोषित कर दिया। सास संवारा देवी का इलाज चल रहा है। संवारा देवी की हालत भी गंभीर बताई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने राखी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राखी के तीन बेटियां हैं। उसकी मौत से परिवारीजन में कोहराम मच गया।
उधर दरियाबाद एसओ शशिकांत यादव का कहना कि करंट से महिला की मौत की सूचना पर छानबीन की गई। उसकी पुत्री ने बताया है कि मम्मी-पापा में झगड़ा हुआ था। इसके बाद मम्मी छत पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
वर्जन-
करंट से मौत की जानकारी मिली है। हाईटेंशन लाइन के नीचे लोगों ने मकान बाद में बना लिए हैं। महिला द्वारा बिजली का तार पकड़ने की बात सामने आई है। ऐसे में परिवारीजनों को क्षतिपूर्ति दिलाना संभव नहीं है।
- राधेश्याम भाष्कर, अधिशासी अभियंता
वर्जन-
----------------------
एचटी लाइन के करंट से कई लोगों की जा चुकी जान
इसके बाद भी पावर कॉर्पोरशन के अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
बाराबंकी। आबादी से गुजरी एचटी लाइन के चलते जिले में कई हादसे हो चुके हैं। कई लोगों की जान जाने की घटनाओं की बावजूद पावर कॉर्पोरेशन एचटी लाइनों को हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।
केस-एक
टिकैतनगर के ग्राम लालपुर निवासी दिलीप यादव का पुत्र हिमांशु (15) 11 अप्रैल को बाग में पेड़ों के बीच से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
केस-दो
सतरिख क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में 27 अप्रैल को जान मोहम्मद (21) वैवाहिक समारोह से लाइट हाइस का सामान लेकर लौट रहा था। रास्ते में लटकी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
केस-तीन
टिकैतनगर क्षेत्र के खमौली निवासी गज्जे (22) नौ मई को वैवाहिक समारोह मेें टेंट का पाइप ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से झुलसे गज्जे ने सीएचसी पहुंचाए जाने पर दम तोड़ दिया।
केस-चार
टिकैतनगर क्षेत्र के सिकरोहरा मजरे खाले का पुरवा में 10 मई निरहू (18) ट्रैक्टर से जा रहा था। रास्ते में हाईटेंशन तार टूटकर ट्रॉली पर गिरने से करंट दौड़ गया। उसकी चपेट में आने से निरहू की मौत हो गई।