टिकैतनगर (बाराबंकी)। टिकैतनगर थाना क्षेत्र में युवती को प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर युवक दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद वह दूसरी जगह शादी करने जा रहा था। इसकी भनक लगने पर पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली रामनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि थाना टिकैतनगर के अरूवा गांव में उसकी बहन की शादी हुई है। ऐसे में उसका वहां आना-जाना लगा रहता था। दो साल पहले वहां के निवासी अर्जुन राजपूत से उसकी मुलाकात हुई। शादी की बात कहकर युवक आए दिन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। तीन माह पहले फरवरी में अर्जुन ने दूसरी जगह अपनी शादी तय कर ली। पूछने पर उसने शादी से इंकार कर दिया और अहमदाबाद में नौकरी करने के लिए चला गया।
युवती का आरोप है कि 25 मई को तिलक व एक जून को अर्जुन की शादी तय हुई है। अर्जुन ने पुलिस के सामने भी युवती से शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।