बाराबंकी। सड़वा गांव में मंगलवार देर शाम पंखा लगाते समय युवक अखिलेश कुमार की करंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। करंट की चपेट में आए पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी तेज झटका लगा। चीख पुकार सुनकर लोग युवक को बचाने दौड़े। गंभीर हालत में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हाे गई। अचानक हुए हादसे में मुखिया की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
पुलिस के अनुसार सड़वा गांव निवासी अखिलेश कुमार (29) मंगलवार शाम गर्मी से राहत पाने के लिए पंखा लगा रहा था। इसी दौरान तार कटा होने से वह करंट की चपेट में आ कर चिपक गया। पत्नी सीता से उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी झटका खाकर दूर जा गिरी। गंभीर हालत में ग्रामीण अखिलेश को लेकर सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण बाद मृत घोषित कर दिया। परिवार के मुखिया की मौत से दो बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया। हादसे के कारण पूरा परिवार सदमे में है। (संवाद)