सिद्धौर/कोठी(बाराबंकी)। कोठी क्षेत्र के लालापुरवा गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर में घर में घुसकर एक गर्भवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शहर में काम न मिलने से वापस लौटा पति जब घर पहुंचा तो पत्नी का रक्तरंजित शव घर में पड़ा देखकर सन्न रह गया। पुलिस व फॅारेंसिक की टीम हत्या क्यों और किसने की इसकी तलाश में जुटी है।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। पति व अन्य परिजन किसी से रंजिश न होने की बात कह रहे हैं। पुलिस टीम हर एंगल से घटना की जांच कर रही है। मामले के जल्दी खुलासे के लिए क्राइम ब्र्रांच की टीम को भी लगाया गया है।
सेमरांवा ग्राम पंचायत के लालापुरवा गांव निवासी सूरजलाल पांच भाईयों में चौथे नंबर पर है। उसका विवाह तीन साल पहले मसौली क्षेत्र के भूहेरा कला गांव की राजकुमारी से (32) से हुआ था। सूरजलाल जिले में ही मजदूर करता है जबकि बाकी चार भाई लखनऊ में रहते हैं। सूरजलाल आबादी से दूर बने प्रधानमंत्री आवास में पत्नी राजकुमारी के साथ रहता था। पति ने बताया कि राजकुमारी करीब तीन माह के गर्भ से थी। वह बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे मजदूरी करने बाराबंकी के लिए निकला था, लेकिन बारिश के कारण काम न मिलने से वह दोपहर एक बजे करीब वापस घर लौट आया।
उसने देखा कि घर का दरवाजा खुला पड़ा है। कई बार आवाज देने के बावजूद जब पत्नी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो वह अंदर कमरे में पहुंचा। जहां पत्नी राजकुमारी का रक्तरंजित शव बिस्तर पर पड़ा था। शरीर से निकला खून जमीन तक फैल चुका था। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था। उसकी चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर हर एंगल से घटना की जांच का निर्देश दिया। मृतका राजकुमारी के शरीर पर सभी जेवर मौजूद थे।
काफी देर में हुई थी शादी
ग्रामीणों के मुताबिक सूरजलाल की उम्र करीब 45 साल है। उसके पास जमीन नहीं थी, मजदूरी करके पालन पोषण करता था। इसी कारण उसकी शादी भी काफी देर से तीन साल पहले ही हुई थी। पति-पत्नी आराम से जीवन बिता रहे थे।