बाराबंकी। फतेहपुर तहसील क्षेत्र का लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक फायर स्टेशन अब बनकर तैयार है। इसे करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। इस वृहद अग्निशमन केंद्र का संचालन जल्द शुरू होने वाला है।
इसके चालू होते ही क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर तेजी से काबू पाया जा सकेगा। इससे जान-माल के नुकसान में बड़ी कमी आने की उम्मीद है। यह अत्याधुनिक फायर स्टेशन नगर के मोहल्ला पचघरा स्थित श्री शक्तिधाम महादेव तालाब मंदिर के पास बनाया गया है।
इससे तहसील के पांचों थाना क्षेत्र फतेहपुर, मोहम्मदपुरखाला, बड्डूपुर, कुर्सी और घुंघटेर को बेहतर अग्निशमन सुविधा मिलेगी। अब तक पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी केवल एक फायर ब्रिगेड वाहन पर थी। नई व्यवस्था से आपात स्थिति में समय पर पहुंचना आसान होगा। यह फायर स्टेशन फतेहपुर सर्किल के 401 राजस्व गांवों और शहरी क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। विशेष रूप से गर्मी में खेतों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में लगने वाली आग पर तेजी से नियंत्रण संभव होगा।
फायर स्टेशन में प्रशासनिक भवन भी
नई व्यवस्था के तहत तैयार इस फायर स्टेशन में प्रशासनिक भवन है। इसमें टाइप-ए के दो आवास और टाइप-बी के 12 आवासों के दो ब्लॉक भी शामिल हैं। गार्ड रूम, पंप रूम और मजबूत बाउंड्री वॉल का भी निर्माण किया गया है। यहां एक एफएसओ, एक एफएसएसओ, दो एलएफएम, दो चालक और 16 फायरमैन समेत पर्याप्त स्टाफ तैनात होगा।
इस स्टेशन पर दो बड़ी और एक छोटी अग्निशमन गाड़ियां उपलब्ध रहेंगी। इससे पूरे क्षेत्र की आपदा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत होगी। स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह है। वर्षों से जिस सुविधा की मांग की जा रही थी, वह अब पूरी होती दिख रही है।