बाराबंकी। शहर कोतवाली इलाके में दो वर्षीय मासूम के साथ अधेड़ ने दुष्कर्म किया। वारदात की जानकारी होने पर मासूम के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर से सटी बंकी नगर पंचायत के एक मोहल्ले में सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे दो वर्षीय बच्ची खेलते हुए घर के बाहर निकल गई। इस दौरान उसकी मां घर पर काम कर रही थी, जबकि पिता चिनहट में राजमिस्त्री का काम करने गए थे। इसी बीच पड़ोस का अशोक कुमार गोस्वामी (50) मासूम को बहलाकर कहीं ले गया। कुछ देर बाद बच्ची रोती हुए घर पहुंची तो परिजनों को जानकारी हुई। आननफानन घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सीओ डॉ. बीनू सिंह, कोतवाल संजय मौर्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश की। इसके बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे पकड़ लिया। इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। बच्ची की हालत ठीक है। मंगलवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।