बाराबंकी। जिले के अंतरजनपदीय बस स्टेशन पर रोडवेज का आधुनिक वर्कशॉप बनाया जा रहा है। निर्माण तेजी से चल रहा है और जल्द ही यहां डिपो की सभी बसों की धुलाई, सर्विसिंग, डेंटिंग-पेंटिंग और रिपेयरिंग शुरू हो जाएगी। इससे न केवल बसों के रखरखाव में तेजी आएगी बल्कि यात्रियों को भी सुरक्षित, साफ-सुथरी और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
बस स्टेशन परिसर में दो अत्याधुनिक वर्कशॉप विकसित किए जा रहे हैं। इनमें एक वर्कशॉप में निगम और अनुबंधित बसों की मरम्मत होगी जबकि दूसरे में डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव की विशेष व्यवस्था की जा रही है। डिपो की करीब 115 बसों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्कशॉप परिसर में वाशिंग सेंटर पूरी तरह तैयार हो चुका है। वहीं गैराज के टिनशेड, रिपेयरिंग कक्ष और अन्य निर्माण कार्य लगभग पूरे हो गए हैं। आवश्यक मशीनें भी पहुंच चुकी हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद बसों की खराबी का तुरंत समाधान हो सकेगा। इससे बसों की फिटनेस बेहतर होगी और संचालन भी नियमित बना रहेगा। वर्कशॉप संचालन के लिए फोरमैन, मैकेनिक और हेल्परों की तैनाती की जा चुकी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जमीला खातून ने केंद्र व्यवस्थापक एके अवस्थी के साथ निर्माणाधीन वर्कशॉप का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा कर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए।
परिसर से हटेंगे वर्षों से खड़े सीज वाहन
अंतरजनपदीय बस स्टेशन परिसर में एआरटीओ की ओर से सीज किए गए छोटे-बड़े कई वाहन लंबे समय से खड़े हैं। इनमें एक निजी डबल डेकर बस करीब तीन वर्षों से परिसर में जंग खा रही है। एआरएम ने एआरटीओ और क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर सभी सीज वाहनों को जल्द हटाने की मांग की है, ताकि नए वर्कशॉप और संचालन व्यवस्था को सुचारु रूप से शुरू किया जा सके।