बाराबंकी। जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए एक ठग ने खुद को आयुष्मान योजना का कर्मचारी बताकर महिला के सोने के जेवर उतरवा लिए और मौके से फरार हो गया। यह घटना आयुष्मान पूछताछ बूथ के ठीक पास हुई, जहां नियमित रूप से कर्मचारी तैनात रहते हैं।
शहर के चित्रगुप्त नगर, लखपेड़ाबाग निवासी रजीव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी मां कश्शो श्रीवास्तव बीते दो दिसंबर की सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच इलाज के लिए जिला अस्पताल गई थीं। आयुष्मान बूथ के पास एक युवक मिला, जिसने खुद को अस्पताल कर्मी बताते हुए जल्दी इलाज कराने का लालच दिया। पर्चा बनवाने के बाद उसने जांच के नाम पर गहने उतारने को कहा। महिला ने गले की सोने की चेन, दो अंगूठियां, कान के टप्स व अन्य आभूषण उतारकर एक पॉलिथीन में रख दिए। इसी दौरान ठग पॉलिथीन हाथ में लेकर मौका पाकर भाग निकला। महिला जब संभली तो ठग काफी दूर निकल चुका था। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे हैं।