बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश बकरीदी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लग गई। उसे तमंचे के साथ गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। बकरीदी पर बाराबंकी, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर व बहराइच में 16 मामले दर्ज हैं।
एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मसौली और सफदरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मसौली के बड़ागांव स्टेडियम मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान नेवला करसंडा गांव की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन वह भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया और इलाज के लिए सीएचसी बड़ागांव भेजा। बकरीदी उर्फ गरीबा मसौली के ही जमलापुर गांव का रहने वाला है। बकरीदी पर चोरी, गैंगस्टर ही नहीं बल्कि संरक्षित मवेशियों के वध करने के मामले हैं। वह मसौली थाने में दर्ज एक मामले में फरार चल रहा था। आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।