बाराबंकी। माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली द्वारा विभाग के सहायक लेखाधिकारी को निलंबित किए जाने का आदेश देने का मामला मंगलवार को दिनभर कार्यालय में चर्चा का विषय बना रहा। विभाग में शांति छाई रही। साथ ही शासन से सहायक लेखाधिकारी की आय व संपत्ति की जांच शुरू किए जाने की चर्चा रही। मंगलवार को सहायक लेखाधिकारी कार्यालय नहीं आए। इससे लेखा से जुड़े कार्य बाधित रहे।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली ने सोमवार को अपने निरीक्षण के दौरान विभाग के सहायक लेखाधिकारी राजमणि मिश्र की उंगलियों में सोने की आठ अंगूठियां देख कर उनको निलंबित करने व उनकी आय व संपत्तियों की जांच के आदेश दिए थे। निलंबित किए गए सहायक लेखाधिकारी राजमणि मिश्र मंगलवार को अपने कार्यालय नहीं पहुंचे। जिविनि कार्यालय में मंगलवार को सहायक लेखाधिकारी के प्रकरण की ही चर्चा रही। विभाग के लोगों का कहना है कि दोपहर में इसी संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक राम शरण सिंह जिलाधिकारी के यहां गए थे। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक राम शरण सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस संबंध में जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि अभी सहायक लेखाधिकारी के खिलाफ जांच या निलंबन का कोई आदेश शासन से नहीं मिला है।