कुर्सी/घुंघटेर (बाराबंकी)। प्रमुख सचिव राजस्व प्राथमिक विद्यालय भवन की गुणवत्ता देख खासा नाराज हुए और बीएसए की ओर देखते हुए कहा कि इसकी जांच कराएं और जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इससे पहले प्रमुख सचिव सीएचसी घुंघटेर पहुंचे और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। प्रसव की संख्या काफी कम देख नाराजगी जताई और सीएमओ को इसमें सुधार के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव राजस्व सुरेश चन्द्रा मंगलवार को जिले के भ्रमण पर थे। सबसे पहले कुर्सी स्थित पॉलीटेक्निक को देखा और यहां अव्यवस्था देख नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद वह सीएचसी घुंघटेर पहुंचे। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेन्द्र से स्वास्थ्य सेवाओं के विषय में जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने पूछा क्षेत्र की आबादी कितनी है और एक वर्ष में कितने प्रसव कराए गए। तो प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि क्षेत्र की आबादी 2 लाख 36 हजार तथा एक वर्ष में 24 सौ प्रसव कराए गए जबकि नियमानुसार आठ हजार प्रसव कराए जाने चाहिए। इस पर सीएमओ को सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद वह निंदूरा ब्लॉक के लोहिया गांव धधरा पहुंचे। यहां पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार मनमानी कर रहा है पिछले पांच माह से राशन का वितरण नहीं कर रहा है। जिस पर प्रमुख सचिव ने डीएसओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। गांव में बने लोहिया और इंदिरा आवास देखे, प्राथमिक विद्यालय भवन की गुणवत्ता को देखा। गुणवत्ता मानक के विपरीत पाए जाने पर बीएसए को जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, सीएमओ डॉ. आनंद ओझा, डीडीओ अखिलेश कुमार सिंह, बीएसए पीएन सिंह आदि मौजूद रहे।