हैदरगढ़ (बाराबंकी)। जनसेवा व लोकवाणी केंद्रों पर आय, जाति, निवास प्रमाणपत्राें के आवेदकों से तय शुल्क से कई गुना अधिक धनराशि वसूली जा रही है। लोगाें की सुविधा के लिए खोले गए केंद्र से शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदकों को शोषण व दिक्कत से बचाने के लिए शासन ने प्रमराण पत्र जारी करने के लिए आनलाइन व्यवस्था लागू की है। आवेदन के बाद तहसील से आनलाइन प्रमाण पत्र जारी होकर उसी जनसेवा व लोकवाणी केंद्र पर पहुंच जाते हैं, जहां से आवेदक द्वारा प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया है। इससे आवेदकों को तहसील आना जाना नहीं पड़ता। तहसील क्षेत्र में करीब पैंसठ जनसेवा केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों से प्रमाणपत्र आवेदन के लिए शासन ने मात्र बीस रुपया शुल्क निर्धारित कर रखा है, लेकिन केंद्रों पर आवेदकाें से प्रत्येक आवेदन के लिए सौ से डेढ़ सौ रुपया तक वसूला जा रहा है। बुधवार को त्रिवेदीगंज के सादुल्लापुर गांव के संदीप राष्ट्रीय इंटर कालेज के सामने स्थित लोक वाणी केंद्र पर निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने पहुंचे तो वहां के संचालक ने इसके लिए सौ रुपये की मांग की। संदीप ने बताया कि, इससे पहले दस अक्टूबर को आवेदन करने पर इसी केंद्र पर सौ रुपया वसूले गए थे। एसडीएम से शिकायत कर अवैध ढंग से धन उगाही करने वाले लोक वाणी केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम डीपी सिंह ने कहा कि, केंद्र पर निर्धारित शुल्क ही लिए जाने की सख्त हिदायत दी गई है। अधिक रुपया लिए जाने की जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।