बाराबंकी। ट्रेन में यात्रा के दौरान एक महिला ने मंगलवार की दोपहर एक बच्चे को जन्म दिया। ट्रेन में प्रसव की सूचना मिलने पर जीआरपी ने एंबुलेस से जच्चा व बच्चा को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत ठीक है। सिद्धार्थनगर जनपद के थाना लोहान के ग्राम कंचनपुर का रहने वाला अनीस तमिलनाडु में रहकर वहीं काम करता है। उसकी पत्नी धनरावती पति के पास जाने के लिए बहनोई व छोटे भाई के साथ गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना हुई। धनरावती जनरल कोच में यात्रा कर रही थी। रास्ते में ही धनरावती को प्रसव हो गया। इसकी सूचना गार्ड को दी गई। गार्ड की सूचना पर जीआरपी ने प्रसूता व बालक को दोपहर करीब डेढ़ बजे रेलवे स्टेशन पर उतारा। जच्चा व बच्चा को एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है।