सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। टिकैतनगर से दवा सप्लाई कर कार से वापस लौट रहे एक दवा कंपनी के कर्मचारियों को रास्ते में मिले बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार रोककर तमंचे के बल पर एक लाख रुपये लूट लिए। बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र में रामनगर मार्ग पर शाम करीब पौने छह बजे हुई इस वारदात से सनसनी मच गई। बाराबंकी शहर स्थित दवा की थोक कंपनी अभय फार्मा के तीन कर्मचारी श्रवण, सत्यनरायन व हरिकृष्ण रविवार शाम टिकैतनगर मेें दवा सप्लाई करने के बाद कार से शहर की ओर लौट रहे थे। शाम करीब पौने छह बजे बदोसरांय कोतवाली क्षेत्र में रामनगर मार्ग पर पुरनिया गांव मेें पास बाइक सवार हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने कार रोककर उसमें बैठे तीनों कर्मचारियों के तमंचा सटा दिया और सभी को नीचे उतारने के बाद उनके पास रखे एक लाख रुपये लूटने के साथ ही कार को लॉक कर उसकी चाभी लेकर फरार हो गए। जानकारी पहुंचे कोतवाल देवेश मिश्रा व सीओ रामनगर डॉ. राजेश तिवारी ने आसपास क्षेत्र में चेकिंग करवाई पर लुटेरों का पता नहीं लग सका। एएसपी डॉ. ओपी सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और जल्द वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए। दवा कंपनी के मालिक शहर के निवासी विजय शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई है।