बाराबंकी। लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर इस बार चुनाव आयोग ने घर-घर फोटोयुक्त मतदाता पर्ची वितरित कराने का आदेश दिया है। फोटोयुक्त मतदाता पर्ची वितरण का काम बीएलओ को सौंपा गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि यदि परिवार के मुखिया के अलावा किसी के पास किसी दूसरे की पर्ची मिली तो उसके तथा संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आयोग से मिले निर्देशों के अनुसार फोटोयुक्त मतदाता पर्ची का वितरण बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं को कराया जा रहा है। मगर कुछ लोग इसमें गड़बड़ी कर सकते हैं या फिर बीएलओ को अपने पाले में लाने का प्रयास कर सकते हैं। जिससे की किसी की पर्ची किसी और को दी जा सकती है। इससे मतदाता अपना वोट डालने से वंचित हो सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह का कहना है कि बीएलओ के माध्यम से फोटोयुक्त मतदाता पर्ची का वितरण कराया जा रहा है। यदि फोटोयुक्त मतदाता पर्ची जिस व्यक्ति की है उसके अलावा किसी दूसरे के पास मिली तो उसके और संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।