रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। उत्तराखंड से चौपहिया वाहन लादकर असम जा रहे एक कंटेनर ने आगे चल रही एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक तो बाल-बाल बच गया पर उसकी बाइक कंटेनर में जा घुसी जिसके चलते कुछ दूर तक घिसटने के बाद बाइक में आग लग गई। बाइक से निकल रही लपटों ने कंटेनर के टायर को पकड़ लिया और देखते ही देखते कंटेनर जलने लगा और इसमें लदे सभी सात वाहन जल गए। हादसा सोमवार की रात रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस हादसे के बाद बाइक सवार युवक, कंटेनर का चालक व क्लीनर मौके से भाग गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सोमवार की रात उत्तराखंड के पंतनगर से आसाम के लिए टाटा मैजिक लादकर जा रहे कंटेनर ने रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलोना मोड़ के पास आगे चल रही एक बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और बाइक कंटेनर में ही फंस गई। कंटेनर में फंसकर बाइक काफी दूर तक सड़क पर रगड़ती चली गई जिससे बाइक में लपटें निकलने लगीं। गाड़ी में आग देख कंटेनर के चालक व क्लीनर मौके से भाग खड़े हुए। देखते ही देखते कंटेनर में भी आग लग गई और इस पर लदी सात मैजिक भी जल गईं। हादसे में बाद मौके पर पहुंचे सीओ रामसनेहीघाट राजेश तिवारी व कोतवाल ने फायर ब्रिगेड बुलाई। हैदरगढ़, सिरौलीगौसपुर व नगर क्षेत्र की चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर एक तरफ का यातायात पूरी तरह से बंद रखा गया। एक मार्ग से ही वाहनों का संचालन कराया गया। कोतवाल राजाराम सिंह राणा ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर के चालक व क्लीनर और बाइक सवार का कुछ पता नहीं चल सका है। कोतवाल ने कहा कि अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।