हैदरगढ़ (बाराबंकी)। एक विवाहिता की मौत के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मृतका के पिता की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के दांदूपुर गांव निवासी हरि स्वरूप पांडेय कई वर्षों से पत्नी के साथ दिल्ली में रहते थे। इनकी पत्नी की मौत बीमारी के चलते वहीं हो गई थी। वह शव को अंतिम संस्कार के लिए बृहस्पतिवार को गांव लेकर पहुंचे। इसके बाद शव चिता पर रखकर आग भी लगा दी गई थी। इसी बीच मृतका के पिता विंध्यनारायन की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल बीके सिंह का कहना है कि मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।