बाराबंकी। धान खरीद शुरू होने के बाइस दिन बाद जाकर बोहनी हो सकी। विपणन शाखा द्वारा नवीन सब्जी मंडी में खोले गए धान खरीद केंद्र पर एक किसान से 55 क्विंटल धान खरीद कर मंगलवार से इसकी शुरुआत की।
मालूम हो कि जिले भर में इस वर्ष 55 धान खरीद केंद्र खोले गए हैं। धान खरीद एक अक्तूबर से शुरू की गई थी लेकिन अभी तक किसी भी केंद्र पर बोहनी नहीं हो सकी थी। मंगलवार को नवीन सब्जी मंडी में विपणन शाखा द्वारा खोले गए धान खरीद केंद्र पर कुरौली निवासी किसान घनश्याम का 55 क्विंटल धान तौला गया। धान खरीद शुुरू होने के बाइस दिन बाद जाकर धान खरीद की बोहनी हो सकी है। धान खरीद केंद्र पर तैनात वरिष्ठ विपणन निरीक्षक गंगा यादव ने बताया कि केंद्र पर किसानों की सुविधा की सभी चीजें उपलब्ध हैं। किसानों को केंद्र पर अपना उत्पाद बेचने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है और गांव-गांव जाकर संपर्क भी किया जा रहा है। प्रयास यही होगा कि केंद्र पर धान लाने वाले किसानों का धान उसी दिन तौल लिया जाए।