आग का गोला बनी दूल्हे की कार
बाल-बाल बचे नवदंपती, नकदी व जेवर जलकर राख
टिकैतनगर (बाराबंकी)। शादी के बाद दुल्हन को लेकर लौट रही कार में सोमवार शाम मियागंज गांव के पास अचानक आग लग गई। इस हादसे के दौरान दूल्हा व दुल्हन समेत कई लोग कार में सवार थे जो किसी तरह से बाहर निकल आए और बाल-बाल बच गए जबकि कार पूरी तरह से जल गई। ग्रामीणों ने कार सवार सभी लोगों को बाहर निकाला वहीं इस दौरान कार में मौजूद दो लाख रुपये की कीमत के जेवर और दस हजार नकद जलकर राख हो गए।।
बदोसरांय कस्बे के रहने वाले जाफर अली के पुत्र राशिद का सोमवार को दरियाबाद थाना क्षेत्र के सरांय के आलम गांव निवासी जाबिर अली की पुत्री तरन्नुम के साथ निकाह था। दिन में निकाह होने के बाद रात करीब आठ बजे बारात वापस लौट रही थी। इस दौरान जिस कार में दूल्हा राशिद, दुल्हन तरन्नुम, दूल्हे का भाई साबिर व एक बालिका दिलरूबा सवार थी उसमें क्षेत्र के मियागंज गांव के पास अचानक आग लग गई। कार में आग लगता देख मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने दूल्हा व दुल्हन समेत सभी लोगों को सकुशल कार से बाहर निकाल लिया। कार पूरी तरह से जल गई। वहीं दरियाबाद थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।