रामनगर। पुत्री के घर आयोजित एक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा बाइक सवार एक अधेड़ रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो हादसे की जानकारी हुई। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के तुरकौली गांव निवासी प्रताप बहादुर (55) पुत्र जिलेदार सिंह शुक्रवार को रामनगर थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव में अपनी पुत्री सावित्री सिंह के यहां आयोजित एक समारोह में भाग लेने गए थे। देर रात वह अपने घर के लिए चल दिए। तभी तुरकौली से चार किलोमीटर की दूरी पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। काफी देर तक जब प्रताप बहादुर अपने घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। मृतक के पुत्र मनीष सिंह ने बताया कि जब जाकर देखा तो सड़क किनारे एक गड्ढे में पिता मृत अवस्था में पड़े थे। थानाध्यक्ष रामनगर अनूप सिंह ने बताया कि जिस वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है उसका सुराग नहीं लग सका है। एसओ ने कहा कि दुर्घटना करने वाले वाहन के बारे में पता किया जा रहा है।