बाराबंकी। केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के सांसद पीएल पुनिया पर गुस्सा उतारा। दोनों के बीच मतभेद एक बार फिर सामने आ गए। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश संगठन को जीरो बटा जीरो बता दिया। शनिवार को अपने आवास पर वार्ता के दौरान बेनी बाबू पार्टी के प्रदेश संगठन से नाराज दिखे और इसमें जल्द ही बड़ा फेरबदल होने का संकेत भी दिया। केंद्रीय मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रदेश संगठन पूरी तरह से फ्लॉप हो चुका है। कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले संगठन को सही करने से ही पार्टी की जीत संभव है। उन्होंने पीएल पुनिया पर निशाना साधते हुए कहा कि बाराबंकी से कांग्रेस सांसद का टिकट भी कट सकता है।
उन्होंने कहा कि मैं अपने ही जिले के सांसद से बहुत नाराज हूं क्योंकि सांसद ने जनता को झूठे सपने दिखाए हैं। कहा कि सांसद ने जौरास में बीडीसी पति की हत्या के मामले में उनके परिवारीजनों को ले जाकर राज्यपाल से मिलाकर ढोंग रचा लेकिन मेरे द्वारा इस मामले की सीबीआई जांच कराने के लिए हाईकोर्ट में रिट दायर की गई है। सांसद पीएल पुनिया द्वारा शुक्रवार को शहर के देवां मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के शिलान्यास को फर्जी बताते हुए उन्होंने कहा कि सांसद जनता को छलने का काम कर रहे हैं।