रामनगर (बाराबंकी)। आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर जान लेने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। रामनगर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव मे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है। रामनगर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव के रहने वाले अमरीका व उसकी पत्नी छाया देवी (35) के बीच शुक्रवार की देर रात किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अमरीका ने चाकू से पत्नी छाया पर हमला करना शुरू कर दिया। उसने छाया के शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे गांव के चौकीदार पप्पू ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल छाया को सीएचसी रामनगर में भर्ती करा पति अमरीका को हिरासत में ले लिया है। छाया ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में धुत था और मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला कर दिया। छाया अमरीका की दूसरी पत्नी है।