फतेहपुर/सतरिख (बाराबंकी)। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकाें की मौत हो गई। बुधवार रात फतेहपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उसका साथी मौके से भाग गया। वहीं सतरिख थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फतेहपुर कोतवाली अंतर्गत ग्राम गगियापुर निवासी दीपू चौहान बुधवार देर शाम अपने साथी राजेंद्र के साथ फतेहपुर गया था। देर शाम लौटते समय गांव के बाहर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दीपू गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि राजेंद्र बाइक लेकर मौके से भाग गया। दीपू रात भर सड़क पर पड़ा रहा। बृहस्पतिवार भोर खेत जा रहे ग्रामीणों ने लहूलुहान पड़े दीपू चौहान को देखा तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से मिली सूचना पर फतेहपुर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने दीपू के परिजनों की तहरीर पर दुघर्टना की रिपोर्ट दर्ज की है। बताते हैं कि जिस समय ये हादसा हुआ बाइक सवार दीपू और उसका साथी राजेंद्र शराब के नशे में थे।
दूसरी दुर्घटना सतरिख थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायनपुरवा में चिनहट रोड पर हुई। जहां तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे ग्राम जफरपुर निवासी राम अवतार का बेटा रामकरन (35) की बाइक असंतुलित हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे हुई इस दुर्घटना में रामकरन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में रामकरन को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।