हैदरगढ़ (बाराबंकी)। पीसीएफ धान खरीद केंद्र प्रभारी की बुधवार को केंद्र में ही ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई। सहकर्मी द्वारा तत्काल इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन व विभागीय अधिकारी शव को उनके पैतृक जनपद अंबेडकरनगर लेकर चले गए। अंबेडकरनगर के थाना मालीपुर स्थित परुइया आश्रम विशुनपुर निवासी 58 वर्षीय सेवाराम वर्मा पुत्र राम अवध चौधरी यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन बाराबंकी में सहायक सचिव के पद पर तैनात थे। बीते 24 दिसंबर को कोतवाली स्थित गढ़ी सतरही पीसीएफ केंद्र प्रभारी पद पर उनकी तैनाती की गई थी। केंद्र पर पूर्व में तैनात रहे सहायक रामकिशोर वर्मा ने बताया बुधवार की सुबह करीब ग्यारह बजे वह बस से आकर केंद्र पर पहुंचे और आफिस का कार्य करने लगे। दोपहर बाद खाद बिक्री का रुपया पंजाब नेशनल बैंक मेें जमा करने को देकर आफिस के कार्य से वापस बाराबंकी जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बीमार होने पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई तथा मकान मालिक राजन सिंह की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डॉ. अजीत सिंह ने हार्ट अटैक होने की संभावना जताई है। मृत्यु की सूचना पर जिला प्रबंधक पीसीएफ रितेश कुमार यादव, मृतक के भाई सचिवालय में समीक्षाधिकारी पुरुषोत्तम चौधरी, पुत्र सूरज वर्मा, आदि सीएचसी पहुंचे तथा शाम को शव पैतृक गांव ले गए।