बाराबंकी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। इनमें से चार लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में दम तोड़ा तो वहीं एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम मनसारा का रहने वाला इम्तियाज (35) कैटरिंग का काम करता था जो अपने कारीगरों के साथ जिला गोंडा से कार्य संपन्न कर लौट रहा था। देर रात रास्ते में कोई वाहन न मिलने पर लखनऊ जा रही एक जीप में पीछे खाली पड़े डाला में सभी बैठ गए। सोमवार की सुबह रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलौना मोड़ के पास परिवहन निगम की बस ने जैसे ही ओवरटेक किया तो आगे जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने जोरदार ब्रेक लगा दी, जिसमें जीप जा टकराई। जीप पर सवार इम्तियाज, एहसान (14) व अमीरुन (16) सभी निवासी माल्दा पश्चिम बंगाल, राहुल (17) निवासी केसरबाग लखनऊ, अमित (14) मोहम्मदाबाद सीतापुर, और शकील (30) घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने इम्तियाज को मृत घोषित कर दिया और बाकी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं रविवार की देर रात सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम करमुल्लापुर निवासी हरिराम (22) को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नेशनल हाईवे एंबुलेंस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी अस्पताल पहुंचने के पूर्व रास्ते में ही मौत हो गई। एक अन्य घटना में सोमवार तड़के बाईपास हाईवे पर 30 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उधर सोमवार की सुबह कोतवाली नगर के मोहल्ला कटरा चंदना निवासी मो. शाकिर (22) पतंगबाजी देखने गया था। पतंगबाजी के दौरान नागेश्वरन के समीप गुजरी रेल लाइन के पास कटी पतंग को पकड़ने के लिए दौड़ रहा था कि ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।