हैदरगढ़/मसौली (बाराबंकी)। सोमवार रात चोरों ने मोटर पार्ट्स की शॉप समेत तीन स्थानों से हजारों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मसौली थाना क्षेत्र में चोरों ने दो सगे भाइयों के घर चोरी कर हजारों की नकदी व जेवर पर हाथ साफ कर दिया। उधर सुबेहा थाना अंतर्गत थाने के निकट स्थित एक शॉप से चोरों ने हजारों कीमत के मोटरपार्ट व जेवर पर हाथ साफ कर दिया। छानबीन के दौरान पुलिस को एक खेत में एक मोबाइल फोन व दो देशी बम पड़े मिले।
सुबेहा थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित शान मोहम्मद की मोटर पार्ट्स शॉप का शटर तोड़कर चोरों ने 8 हजार रुपये की नकदी और हजारों कीमत के पार्ट्स चोरी कर ले गए। गौरतलब है कि चोरों ने जिस दुकान में इस वारदात को अंजाम दिया उसके निकट ही आर्यावत बैंक व पोस्ट आफिस भी स्थित है। लेकिन वहां कोई पिकेट व सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। मंगलवार सुबह शान मोहम्मद ने थाने में तहरीर दी है।
उधर मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवला निवासी श्रवण कुमार के घर में दीवार फांदकर घुसे चोर पिछले कमरे का ताला तोड़कर तीन बक्स चोरी कर ले गए। चोरों ने बक्से में रखी 65 हजार की नकदी व हजारों कीमत के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। इससे पहले चोरों ने पिछली दीवार से नकब लगाकर घुसने का प्रयास किया था। इसके बाद चोरों ने श्रवण के पड़ोस में रहने वाले भाई शैलेंद्र के घर से 500 रुपये नकद, जेवर चोरी कर लिये। बताते हैं कि आहट पर जगे परिजनों ने चोरों का पीछा किया लेकिन वह भागने में सफल रहे। मंगलवार सुबह कोठी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया तो घर से कुछ दूरी पर स्थित केशव के खेत में पुलिस को एक मोबाइल फोन व दो देशी बम पड़ा मिला। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।