बाराबंकी। कूड़े के ढेर में पटाखा दगने से दो बच्चे झुलस गए। वहीं, पटाखा दगने से हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। जिससे लोग घर के बाहर निकल आए। आनन-फानन में परिजन दोनों बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जहांगीराबाद थानाक्षेत्र के ग्राम अटवा निवासी अमरेश के घर के पास खाली पड़े प्लॉट पर रविवार सुबह कूड़ा जलाकर छोड़ दिया गया था। अमरेश की पुत्री नेहा (8) व दिशा (4) घर के पास खेल रही थीं। दोनों बहनें जलते कूड़े के पास बैठकर उससे आग ताप रही थीं, तभी उसमें पड़ा पटाखा दग गया। तेज धमाके से वहां हड़कंप मच गया। पटाखे से झुलसे दोनों बच्चों को परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।