एमएलसी चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ। इस दौरान 2365 में से 2334 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार करीब 99 प्रतिशत मतदाताओं ने एमएलसी पद के दावेदारों के लिए वोट किए। वोटिंग के बाद चारों उम्मीदवारों को भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। इनके भाग्य का फैसला 6 मार्च को मतगणना के बाद होगा। इस दौरान मीडिया कर्मियों से पूरी तरह से दूरी बनाए रखी गई। किसी भी मीडियाकर्मी को मतदेय स्थल के आसपास तक जाने नहीं दिया गया। एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन काफी मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी अजय यादव, पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद के अलावा मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार, डीएफओ जावेद अख्तर और एडीएम हरिकेश चौरसिया पूरे दिन मतदेय स्थलों का जायजा लेते रहे। प्रशासन की सख्ती का ही नतीजा रहा है कि एमएलसी का चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। 2365 मतदाताओं में से करीब 2334 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान किसी भी मतदेय स्थल से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
इस दौरान जिला प्रशासन ने मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। पुलिस के तेवर इतने सख्त थे कि किसी भी मीडिया कर्मी को मतदान केंद्र के आसपास तक जाने नहीं दिया गया जबकि नेताओं पर यही पुलिस कर्मी पूरी तरह से मेहरबान दिखाई दिए। जिला पंचायत मतदान केंद्र के बाहर नेताओं और उनके चहेतों की लाइन लगी रही लेकिन इन्हें यहां से हटाने का कोई प्रयास नहीं किया गया।