बरावफात के जुलूस को लेकर विवाद सुलटा
सफदरगंज(बाराबंकी)। सफदरगंज थानाक्षेत्र के ग्राम रामपुर भवानीपुर में दो पक्षों में एक साल से बरावफात के जुलूस निकालने के विवाद को लेकर तनातनी चल रही थी। एक पक्ष ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर दुसरे पक्ष द्वारा जुलूस निकालने की नई परम्परा की शुरुआत का आरोप लगाया था। तभी से जुलूस निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को सफदरगंज थाने में दोनों पक्षों के लोगों को बुलाकर एडीएम अनिल कुमार सिंह एएसपी शशिकांत तिवारी, एसडीएम सिरौलीगौसपुर अजय कुमार द्विवेदी ने एक बैठक की। बैठक में दोनों पक्षों से बातचीत करके जुलूस निकालने के रास्ते को लेकर आपसी सहमति हो गई। आगामी बरावफात के जुलूस में सहमति से विवादित रास्ते से एक पक्ष के बीस लोग ही चंदा मांगने के लिए जाएंगे। इस निर्णय पर दोनों पक्षों ने रजामंदी से मुहर लगाते हुए हल निकाल लिया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।