चालक, खलासी को बंधक बनाकर लूट ले गए ट्रक
बाराबंकी। राजस्थान से गोरखपुर जा रहे चालक व खलासी को बंधक बना सड़क पर फेंक बदमाश ट्रक लूट ले गए। वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन बदमाशों पता नहीं चल सका।
जिला दौसा राजस्थान निवासी मुकेश अपने खलासी के साथ ट्रक पर सामान लादकर गोरखपुर जा रहा था। मंगलवार की रात करीब सवा नौ बजे रामसनेहीघाट कोतवाली व असंद्रा बार्डर के नैपुरा घाट के पास बदमाशों ने ट्रक को रोक लिया।
इसके बाद चालक व खलासी की पिटाई कर बांध कर सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रक लूट कर भाग निकले। ट्रक के चालक ने आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाशी शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका।
एएसपी शशिकांत तिवारी का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।