लार्वा मिलने पर स्टेशन अधीक्षक पर पांच हजार रुपये जुर्माना
बाराबंकी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कई मोहल्लों में जलभराव वाले स्थानों पर जांच की। जांच में जिन स्थानों पर लार्वा पाया गया वहां एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ सफाई करने के निर्देश लोगों को दिए गए। एक सरकारी स्कूल के गमलों व कालोनी के कई कूलरों का पानी पलटाया गया। सबसे ज्यादा लार्वा रेलवे स्टेशन परिसर व जीआरपी कॉलोनी में मिला। स्टेशन अधीक्षक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना व अन्य को नोटिस दिया गया।
फाइलेरिया निरीक्षक केके गुप्ता के नेतृत्व में टीम शनिवार को शहर के 73 स्थानों पर जलभराव वाले स्थानों पर जांच की। टीम को जांच में 29 स्थानों पर मच्छरों का लार्वा मिला। गांधी नगर वार्ड के सभापति अनूप के घर के सामने जल भराव की जांच की गई जिसमें लार्वा पाया गया। प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर में 13 खाली गमलों में पानी भरा था जिसे नष्ट किया गया। रेलवे परिसर में कई स्थानों पर जांच की गई जिसमें जीआरपी कॉलोनी के 19 कूलरों में लार्वा पनपने की आशंका पर पानी पलटाया गया। सेक्शन इंजीनियर कार्यालय में रखे ड्रम में कई दिनों का पानी भरा था। टीम को उसमें भारी मात्रा में मच्छरों का लार्वा मिला। रेलवे परिसर व कर्मचारी आवास के निकट नाले में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। सबसे ज्यादा लार्वा रेलवे स्टेशन के आसपास पाए जाने पर स्टेशन अधीक्षक वीके शुक्ला को पांच हजार रुपये जुर्माने की नोटिस दिया गया।