लॉकप में बंद कर जमा कराया साढ़े चार लाख का राजस्व
- एसडीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई, मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
सिरौलीगौसपुर(बाराबंकी)। उपजिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर तहसील क्षेत्र में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर करीब साढ़े चार लाख रुपये का राजस्व जमा कराया गया। हैरत वाली बात है कि यह राजस्व तब बकायेदारों ने जमा किया जब इन्हें एसडीएम ने लॉकप में बंद करवा दिया। इस कार्रवाई के बाद इनके परिवारीजनों ने आनन फानन में राजस्व बकाए की धनराशि संबंधित विभाग में जमा की।
शुक्रवार को नायब तहसीलदार सुशील प्रताप सिंह ने स्टाम्प कमी के छह लाख बीस हजार रुपये के बकायेदार मसौली निवासी मो. अकील को पकड़ कर लॉकप मे बन्द कराया। इसकी सूचना जैसे ही उनके परिवारीजनों को मिली उन्होंने कुछ ही घंटों में 3 लाख रुपये की व्यवस्था कर राजस्व जमा किया। जबकि शेष 3 लाख रुपये 20 दिनों में जमा करने की जमानत लेकर रिहा किया गया है। इसी प्रकार ग्राम काशीपुरवा निवासी चन्द्रेश वर्मा जो बैंक के 3 लाख 80 हजार रुपये के बकायेदार थे उनको भी पकड़ कर लॉकप में बंद किया गया। इनके परिवार द्वारा भी एक लाख 50 हजार का राजस्व जमा किया गया जबकि शेष धन राशि 20 दिनों में जमा करने के निर्देश पर जमानत दी गई। उपजिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की बकायेदारों, अवैध खनन की कार्यवाही, ओवर लोडिंग बंद कराने, धान क्रय केन्द्र प्रभारियों व राइस मिलरों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों से हड़कंप मचा है।
-----------------