संदिग्ध हालात में घायल महिला की मौत, हत्या का आरोप
मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के बल्लोपुर गांव निवासी है महिला
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के बल्लोपुर गांव निवासी एक महिला बुधवार को संदिग्ध हालत में घायल हो गई थी। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। मृतका की बेटी ने मां की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत करने की बात कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि जो प्रार्थना पत्र मिलेगा उसकी जांच करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के बल्लोपुर गांव निवासी रामलली मिश्रा (60) पत्नी स्वर्गीय गया प्रसाद मिश्रा बुधवार की सुबह अपने घर से फतेहपुर तहसील जाने के लिए निकली थी। महिला की पुत्री सोनी मिश्रा ने बताया कि उनका पड़ोस के रहने वाले सुंदर व दिलीप के साथ सहन की भूमि का विवाद चल रहा था जिसके लिए मां आए दिन तहसील जाती थी। आरोप है कि बुधवार की शाम जब रामलली वापस पैदल घर आ रही थी तभी पड़ोसियों ने ही फतेहपुर कोतवाली के जरखा गांव के पास किसी वाहन से टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मृतका की बेटी ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देने की बात कही है। पुत्री का कहना है कि इस विवाद के बारे में पहले भी मोहम्मदपुर खाला पुलिस को कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी धनंजय सिंह का कहना है कि महिला जहां घायल हुई थी वह स्थान फतेहपुर में है इसलिए वहीं से कार्रवाई होगी। फतेहपुर कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सड़क हादसे में घायल हो गई थी जिसे जिला अस्पताल भेजवाया गया था। यदि कोई लिखित शिकायत मिलेगी तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।