जिले की नोडल अधिकारी व महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. अनीता भटनागर जैन के सामने पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्यामनगर में कक्षा आठ के छात्र हिंदी की किताब ही नहीं पढ़ सके। शिक्षा की हालत देख नोडल अफसर ने बीएसए को निर्देश दिया की कमजोर बच्चों में सुधार के लिए अलग से क्लॉस लगाए। यहां पर चौपाल में मिली शिकायतों पर विभाग के अधिकारियों की मौके पर ही क्लॉस लगाई और सुधार के आदेश दिए। श्रीमती जैन ने इसके अलावा तहसील सिरौलीगौसपुर और सफदरगंज थाने का निरीक्षण भी किया।
जिले की नोडल अफसर विकास खंड सिरौलीगौसपुर के ग्राम पंचायत श्यामनगर के मजरे तेतारपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पहुंची। यहां पर उन्होंने कक्षा आठ की छात्रा से किताब पढ़ने को कहा लेकिन छात्रा किताब नहीं पढ़ सकी। वहीं ब्लैक बोर्ड पर लिखा हू आर यू को पढ़ने के लिए बच्चों को बुलाया। पर छात्र उसे भी नहीं पढ़ सके। जिस पर मैडम ने शिक्षक रामदास को फटाकर भी लगाई। विद्यालय के निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी ने गांव में चौपाल लगाई। इस दौरान विकास कार्यों की जानकारी ली। पंचायत सचिव के बारे में पूछने पर लोगों ने बताया कि वह गांव नहीं आते है।
जिस पर सचिव हरि मोहन सक्सेना को कड़ी फटकार पड़ी। वहीं मजे की बात तो यह रही कि गांव में पंचायत भवन की संख्या पूछने पर डीपीआरओ बगलें झांकते नजर आए। निरीक्षण के दौरान डीएम अखिलेश तिवारी, एसपी अनिल सिंह, सीडीओ अंजनी सिंह, एडीएम अनिल सिंह, एसडीएम अजय द्धिवेदी मौजूद रहे। चौपाल के बाद नओडल अधिकारी डॉ.अनीता भटनागर जैन से डीएम, एसपी, सीडीओ व डीएफआ के साथ क्षेत्र के प्रसिद्व व दुलर्भ पारिजात वृक्ष के दर्शन भी किए।
उधौली प्रतिनिधि के अनुसार जिले की नोडल अधिकारी डॉ. अनीता भटनागर जैन ने डीएम एसपी के साथ सफदरगंज थाने का भी निरीक्षण किया। सबसे पहले वहां के अभिलेखों के रखरखाव व लंबित मुकदमों व शिकायतों की जानकारी ली। बताया गया कि कुल 41 मामले लंबित हैं। जिस पर श्रीमती जैन ने शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।