बाराबंकी। सरकारी स्कूलों को शुक्रवार को 79 नए शिक्षकों को तैनाती मिली है। तीन महीने पहले नियुक्ति पाने के बाद बीएसए कार्यालय में हाजिरी लगा रहे इस शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत स्कूलों का आवंटन किया गया। नियुक्ति के बाद यह शिक्षक अब शनिवार से आवंटित विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाएंगे।
वर्ष 2016 में परिषदीय विद्यालयों में 12460 सहायक अध्यापक के पद पर चयन प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिसमेें 5,990 अभ्यर्थी नियुक्ति के बाद तैनाती पा चुके हैं। चार महीने पहले शेष को लेकर हाईकोर्ट ने तीन माह में भर्ती पूरी करने का आदेश दिया था। जिसके बाद काउंसिलिंग कराकर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए गए थे। बीच में मामला फिर अदालत में गया मगर राहत मिली। नियुक्ति पत्र पाने वाले करीब 79 शिक्षक-शिक्षिकाएं को शुक्रवार को बीएसए कार्यालय बुलाया गया। यहां सभी को विकल्प दिए गए और तैनाती दी गई।
तैनाती पाने वाली शिक्षिका स्मिता ने बताया कि आठ साल के इंतजार के बाद नौकरी मिलना काफी सुखद लग रहा है। बीएसए संतोष देव पांडेय ने बताया कि शिक्षकों को आवंटन पत्र दे दिए गए हैं।