तेंदुआ पकड़ने को पिंजरा रखना भूल गया वन विभाग
बाराबंकी। तेंदुए की दहशत ने भले ही लोगों की नींद हराम कर रखी हो, मगर वन विभाग एकदम बेफिक्र है। गुरुवार शाम को शुगर मिल में पिंजरा रखकर तेंदुए की निगरानी बढ़ाने की बात लखनऊ से आए एक्सपर्ट ने कही थी। मगर विभागीय अधिकारी पूरे दिन मंत्री की आवभगत करने में इस कदर मसरूफ रहे कि पिंजरा रखना ही भूल गए।
वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को लखनऊ चिड़ियाघर से आए एक्सपर्ट डॉ. उत्कर्ष शुक्ल के साथ शहर के पीरबटावन, भेड़हा नाला, कमरियाबाग का निरीक्षण किया था। इस दौरान कई स्थानों पर मिले पगचिह्नों से तेंदुआ होने की पुष्टि करते हुए एक्सपर्ट ने शुगर मिल की ओर तेंदुए के जाने की बात कही थी। तेंदुए के कुनबे को शुगर मिल से पकड़ने के लिए पिंजरा रखकर निगरानी बढ़ाने को कहा था। मगर वन विभाग के अधिकारी गुरुवार को जिले में आए वन एवं उद्यान मंत्री दारा सिंह की आवभगत में लगे रहे। अब शुक्रवार सुबह पिंजरा रखकर बकरी बांधने की बात कही गई है।
नवाबगंज रेंजर विक्रम सिंह सचान का कहना है कि, पूरे दिन मंत्री के कार्यक्रम में सभी अधिकारी व कर्मचारी लगे रहे। इस वजह से पिंजरा रखने का समय नहीं मिल पाया। शुक्रवार सुबह पिंजरा रखा दिया जाएगा।