बाराबंकी। ग्राम पंचायतों के आरक्षण के बाद आपत्तियों का दौर जारी है। शनिवार को तीसरे दिन छह बीडीसी समेत 77 शिकायतें आई हैं। बनीकोडर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बाजपुर में सबसे अधिक डेढ़ दर्जन लोगों ने गलत आरक्षण को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। डीपीआरओ कार्यालय समेत सभी ब्लॉकों पर आने वाली आपत्तियों को ब्योरा रजिस्टर पर दर्ज किया जा रहा है।
प्रधान पद के साथ ही अब क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए किए गए आरक्षण पर भी आपत्तियां शुरू हो गई हैं। देवा ब्लॉक की दो, फतेहपुर व हरख क्षेत्र की एक-एक और बंकी ब्लॉक की दो आपत्तियां शामिल हैं। प्रधान पद के आरक्षण को लेकर बनीकोडर में 21, दरियाबाद में एक, सूरतगंज में चार, निंदूरा में आठ, टिकैतनगर में एक, मसौली में आठ, देवा में सात, बंकी व सिद्धौर में चार-चार, सिरौलीगौसपुर में तीन और हैदरगढ़ ब्लॉक में दो आपत्तियां दर्ज कराई गईं।
हरख ब्लॉक के रहीमाबाद निवासी जमाल, बाजपुर बनीकोडर के मुकेश पाल, चुरौलिया रामनगर के कृष्ण मुरारी, इसी ब्लॉक के ग्राम तपेसिपाह निवासी अवधेश कुमार आदि ने अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में किए गए आरक्षण को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के साथ इस पर दोबारा विचार कर नियमानुसार आरक्षण करने की मांग की है।
बाजपुर ग्राम पंचायत की सबसे अधिक शिकायत
बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बाजपुर की सीट इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई है। जबकि इसे सामान्य सीट किए जाने को लेकर सबसे अधिक 16 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है। इस गांव के मुकेश पाल समेत कई लोगों ने एससी वर्ग के लिए आरक्षित की गई सीट को बदलने की मांग की है। बनीकोडर ब्लॉक में शनिवार को आईं 21 शिकायतों में अब तक 16 लोगों ने सिर्फ इसी ग्राम पंचायत के आरक्षण पर सवाल उठाया है।
आरक्षण को लेकर की शिकायत
बाराबंकी। हरख ब्लॉक के बरबसौली निवासी अनिल कुमार ने डीपीआरओ को शिकायती पत्र देकर आरक्षण को लेकर आपत्ति जताई है। पत्र में लिखा है कि गांव में अनुसूचित जाति की संख्या काफी कम होने के बाद भी यहां की सीट अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित कर दी गई जोकि नियमानुसार पूरी तरह से गलत है। इसलिए इसकी जांच कराकर नए सिरे से आरक्षण जारी किया जाए।