कही तार टूटने तो कही इंसुलेटर की खराबी से रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हैदरगढ/रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। तार टूटने से हैदरगढ़ टाउन की बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। जबकि रामसनेहीघाट में इंसुलेटर में खराबी आने से 70 गांवों में करीब सात घंटे तक बिजली की सप्लाई बाधित रही। इससे क्षेत्रवासियों को रात भर उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा।
हैदरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे मवइया गांव के पास तार टूट गया। इससे टाउन की बिजली आपूर्ति बंद हो जाने से करीब तीस हजार की आबादी को काफी परेशानी हुई। नगर पंचायत के जिम्मेदारों ने किसी तरह जनरेटर से पानी की टंकी भरवाकर पेयजल आपूर्ति को बाधित होने से बचाया।
दूसरी तरफ रामसनेहीघाट क्षेत्र में इंसुलेटर में खराबी आने से कई गांवों की बिजली रातभर गुल रही। बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे गौरवा गांव के पास इंसुृलेटर खराब होने से सनाकापुर, सुकलनपुरवा, कोटवा सड़क, रेहरिया, ईश्वरीगंज, सनौली, लालगंज, थोरथिया, भोजपुर, भवनियापुर, बेलसंडी झडीकपुरवा, कल्यानपुरवा समेत 70 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे करीब 40 हजार की आबादी को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। शुक्रवार सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाने के बाद ही लोगों ने राहत महसूस की। एसडीओ रामसेवक गुप्ता ने बताया कि खराब इंसुलेटर को बदलकर बिजली आपूर्ति को पुन: शुरू कराया गया।