बाराबंकी। सरयू नदी में हर साल आने वाली बाढ़ से बांध को सुरक्षित करने व एक गांव को कटान से बचाने के लिए शासन ने 6.84 करोड़ का बजट मंजूर किया है। बाढ़ से पहले कार्य पूरा हो, इसके लिए पहली किस्तें भी जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि ये दोनों कार्य नाबार्ड से पोषित हैं।
रामनगर तहसील क्षेत्र में सरयू नदी के चलहारीघाट-गणेशपुर तटबंध के किलोमीटर 43.414 से 43.740 के बीच बांध को नदी के कटाव से बचाने के लिए मजबूत किया जाएगा। यहां नदी के तेज बहाव और लगातार हो रहे कटाव को रोकने के लिए परक्यूपाइन के साथ रिवेटमेंट यानी ढलान वाली संरचना का निर्माण कराया जाएगा। यह परियोजना नाबार्ड पोषित मद के तहत स्वीकृत की गई है, जिस पर चार करोड़ 10 लाख रुपये की लागत आएगी। शासन ने इसकी पहली किस्त के रूप में 67 लाख 99 हजार रुपये जारी कर दिए हैं।
दूसरी परियोजना सरयू नदी के अलीपुर-रानीमऊ तटबंध के समीप स्थित कोठरी गौरिया गांव को बाढ़ और कटाव से बचाने के लिए स्वीकृत की गई है। इस योजना पर 2 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन ने इसके लिए एक करोड़ 43 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। यह कार्य नदी सुधार एवं कटाव निरोधी योजनाओं के अंतर्गत नाबार्ड से पोषित है, जिससे नदी की धार को नियंत्रित कर गांव और आसपास की कृषि भूमि को सुरक्षित रखा जा सकेगा। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिए जाएंगे। लक्ष्य है कि बरसात के मौसम से पहले तटबंधों को मजबूत कर लिया जाए।
.............................