बाराबंकी। जिले में 26 अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। बुधवार को जिले भर में प्रधानी के 668, बीडीसी के लिए 307 तो जिला पंचायत सदस्य के लिए 77 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं पंचायत सदस्य के 214 नामांकन पत्र बिके। पर्चा बिक्री को लेकर यहां 14 ब्लाकों में सुबह से ही रौनक रही। वहीं निंदूरा ब्लॉक में एक भी नामांकन पत्र नहीं बिका।
बुधवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए बनाए गए काउंटर पर 77 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। यहां सुबह से ही दावेदार पर्चा लेने पहुंच गए। वहीं बंकी ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 106, बीडीसी के 26 तो पंचायत सदस्य आठ नामांकन पत्र बिके। हैदरगढ़ ब्लॉक में ग्राम प्रधान का एक तो बीडीसी के लिए दो नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
सिरौलीगौसपुर में प्रधान के 29 व बीडीसी के 15, त्रिवेदीगंज में ग्राम प्रधान का एक व बीडीसी के चार नामांकन पत्र बिके। सिद्धौर में ग्राम प्रधान के 51, बीडीसी के 17 व ग्राम पंचायत सदस्य के 41 पर्चे बिके। हरख ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 32, बीडीसी के 18 व पंचायत सदस्य के 24 पर्चे बिके। रामनगर में ग्राम प्रधान के 38, बीडीसी के 16 तो पंचायत सदस्य के तीन नामांकन पत्र बिके।
फतेहपुर में ग्राम प्रधान के 77, बीडीसी के 26 तो पंचायत सदस्य के 11 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। पूरे डलई ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 24, बीडीसी के नौ व पंचायत सदस्य के 14 नामांकन पत्र बिके। देवा में ग्राम प्रधान के 88, बीडीसी के 50, बनीकोडर में प्रधान के आठ, बीडीसी के दो नामांकन पत्र बिके।
दरियाबाद में प्रधान के 47, बीडीसी के 45 व ग्राम पंचायत सदस्य का एक पर्चा बिका। मसौली में प्रधान के 119, बीडीसी के 67 व ग्राम पंचायत सदस्य के 94 नामांकन पत्र बिके। सूरतगंज में प्रधान के 47, बीडीसी के 10 व ग्राम पंचायत सदस्य के 18 नामांकन पत्र दावेदारों ने खरीदे।
नगर पंचायत बंकी में अध्यक्ष पद के लिए होने वाले उपचुनाव में पहले दिन 10 नामांकन पत्र बिके। एसडीएम नवाबगंज कार्यालय में नामांकन पत्र की बिक्री आरओ मारकंडेय सिंह की निगरानी में किया गया। जमानत राशि के तौर पर पांच हजार रुपये की राशि जमा करनी होगी। 4 मई को आठ मतदान केंद्रों के 23 बूथों पर 18873 वोटर मतदान करेंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत डॉ राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार से नामांकन पत्रों की बिक्री ने गति पकड़ ली है। जहां ग्राम प्रधान व बीडीसी व पंचायत सदस्य के पर्चे बिके, वहीं जिला पंचायत सदस्य के 77 नामांकन पत्रों की बिक्री बुधवार को की गई।