बाराबंकी। प्रधानमंत्री आवास के करीब 638 आवेदक जांच में अपात्र पाए गए हैं, जिस पर इन्हें अपनी पात्रता साबित करने का एक और अंतिम मौका दिया गया है। यदि इसके बाद भी ये अपनी पात्रता साबित नहीं कर पाते हैं तो इनके आवेदन निरस्त कर कर्टेलमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास शहरी के लिए जिले में करीब 23 हजार 678 लोगों ने आवेदन किया था, मगर जब इसकी जांच कराई गई तो करीब 638 आवेदक जांच में अपात्र पाए गए। परियोजना अधिकारी डूडा सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि बंकी में 185, बेलहरा में 69, दरियाबाद में 47, देवा में 16, फतेहपुर में 68, हैदरगढ़ में 11, नवाबगंज में 15, रामसनेहीघाट में 56, रामनगर में आठ, सतरिख में 14, सिद्धौर में 10, सुबेहा में 45, टिकैैतनगर में 28 और जैदपुर में 66 लोग अपात्र पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इनकी सूची नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों के माध्यम से चस्पा करा दी गई है। सूचना के 10 दिन के अंदर आवेदकों को अपनी पात्रता साबित करनी होगी। यदि निर्धारित अवधि के अंदर कोई आवेदक अपनी पात्रता साबित नहीं कर पाता है तो उसका आवेदन निरस्त करते हुए कर्टेलमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।