बाराबंकी। खाद्य पदार्थों में मिलावट रुक नहीं पा रही है। जांच के लिए खाद्य पदार्थों के जो नमूने भरकर भेजे जाते हैं शायद ही उसमें से कोई मानक पर खरा उतरता है, अन्यथा अधिकांश नमूने फेल ही हो जाते हैं। आधा दर्जन नमूनों की जांच रिपोर्ट आई है, इसमें सभी नमूने फेल हो गए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडी पांडेय ने बताया कि आलापुर स्थित इमामुद्दीन किराना स्टोर से भरा गया बेसन का नमूना जांच रिपोर्ट में अधोमानक पाया गया है। शहर के आनंद नगर निवासी अमिता अग्रवाल की उमा फूड प्रोडक्ट से देवा मेले में भरा गया हरी मिर्च आचार के नमूने की जांच रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाया गया है। रानीबाजार कस्बे में उमेश की मिठाई की दुकान है। इनकी दुकान से पेड़े का नमूना भरा गया था। जांच रिपोर्ट में इसमें बाहरी तत्वों के मिलावट की पुष्टि हुई है। अलियाबाद स्थित सऊद किराना स्टोर से भरा गया धनिया पाउडर का नमूना भी जांच में फेल हो गया। जांच रिपोर्ट में इसमें भी नियमों का उल्लंघन पाया गया है। सरावगी स्थित सचिन श्रीवास्तव की दुकान से भरा गया सब्जी मसाला में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया है। हैदरगढ़ क्षेत्र के ब्रह्मनान में शिवकुमार की दुकान से भरा गया पनीर का नमूना भी जांच में अधोमानक पाया गया है।
सीएफआई ने बताया कि आधा दर्जन नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है, ये मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, जिस पर इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।