बाराबंकी। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर नाराज जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने एक साथ 56 अधिकारियों को वेतन रोकने की सख्त कार्रवाई की है। समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित चार अधिकारियों काे वेतन रोकते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ लिखित जवाब भी तलब किया गया है। डीएम ने कहा कि जनहित के मामलों को प्राथमिकता दी जाए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह मंगलवार को जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा बैठक में सामने आया कि उपकृषि निदेशक, समाज कल्याण अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सिरौलीगौसपुर और फतेहपुर, अधिशासी अभियंता सिंचाई जल संसाधन, बीडीओ रामनगर, त्रिवेदीगंज, देवा, हरख, दरियाबाद, सहायक विकास अधिकारी सिरौलीगौसपुर, हरख, मसौली, सूरतगंज, सिद्धौर, ईओ नगर पालिका, जिला कृषि अधिकारी, एलडीएम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, , बाल विकास परियोजना अधिकारी सिद्धौर, सूरतगंज, मसौली, बीईओ सूरतगंज, पीओ डूडा, समेत 56 विभागों के अधिकारी ऐसे हैं जो शिकायतों का निस्तारण में लापरवाही दिखा रहे हैं।
नाराज डीएम ने ऐसे सभी विभागीय अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही बिना अनुमति अनुपस्थित मिले एआर कोऑपरेटिव, एक्सईएन जल निगम, एसओसी चकबंदी और ईओ नगर पालिका नवाबगंज का वेतन बाधित करते प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के लिए कहा। डीएम ने खंड विकास अधिकारी बंकी को ग्राम पंचायत ढ़कौली के शिकायतकर्ता की शिकायत में गलत आख्या लगाने के संबंध में प्रतिकूल प्रविष्टि देने और संबंधित ग्राम सचिव को निलंबित करने का आदेश भी दिया। (संवाद)