सरथरा में फैला खसरा, 14 चपेट में
बाराबंकी। बंकी क्षेत्र के सरथरा गांव में खसरा फैलन से कई लोग उसकी चपेट में आ गए हैं। 14 पीड़ितों का उपचार उनके परिवारीजन निजी चिकित्सकों से करा रहे हैं। सूचना के बावजूद गांव में स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा है।
बंकी ब्लॉक क्षेत्र के सरथरा गांव में खसरा ने अपने पांव पसार रखे हैं। गांव के ब्रजेश मौर्या का पूरा परिवार इसकी चपेट में है। पीड़ितों में ज्यादातर बच्चे व किशोर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दिव्यांशी (16), श्वेता (14), शगुन (6), अर्पित (12) और सुषमा (32), सद्दाम (10), साजिया (12), साबिया (14), चान्सी (13), प्रियंका (15) खसरा की चपेट में आए हैं। परिवारीजनों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी चिकित्सकों की टीम गांव नहीं पहुंची। परिवारीजन मजबूरन निजी चिकित्सकों से उपचार करा रहे हैं।
वहीं ग्राम पंचायत नियामतपुर मजरे असदामऊ में 15 दिन से खसरा का प्रकोप है। नियामतपुर के रामू (23), श्यामू (26), अनूप (17) व रुचि (22) ने बताया कि खसरा फैल दो हफ्ते हो गए लेकिन सूचना के बावजूद स्वास्थ्य विभाग कोई कर्मचारी नहीं आया है। सभी पीड़ितों का उपचार उनके परिवारीजन स्थानीय चिकित्सकों से उपचार करा रहे हैं।
भेजी गई डॉक्टर की टीम
सरथरा और असदामऊ गांव में खसरा फैलने की सूचना मिली है। दोनों गांवों को चिकित्सकों की टीम भेजी गई है। टीम के नहीं पहुंचने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रमेश चन्द्र सीएमओ