सूरतगंज (बाराबंकी)। बाढ़ का दंश झेलने वाले करीब 500 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाएगा। शनिवार को अपर जिलाधिकारी ने एसडीएम रामनगर के साथ मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू करा दिया जाए।
एडीएम राकेश कुमार सिंह, एसडीएम रामनगर तान्या सिंह के साथ आवंटित की जाने वाली भूमि का जायजा लेने के लिए बतनेरा, पर्वतपुर और बिझला गए थे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को विस्थापित करने के लिए दो गांवों में पर्याप्त भूमि होने का दावा किया है।
उन्होंने चिह्नित भूमि की पैमाइश कराने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए हैं। एडीएम ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को आवास बनाने के लिए जो जमीन दी जानी है। वहां प्रशासन बिजली, पानी, सड़क समेत सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराएगा। बताया कि इसमें सुंदरनगर, कोडरी, सरसंडा, डिहुआ, पर्वतपुर, अकौना, पूरनपुर, फाजिलपुर आदि गांवों के बाढ़ पीड़ित शामिल हैं।
साहब पास जगह मिल जाती...
सुंदरनगर निवासी आनंद मिश्र, छेदी, सुंदर, नरेश कुमार, बाबादीन आदि बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि जहां पर हम लोगों को जमीन दी जा रही है, वह दूर है। वहां घर बना कर रहे तो खेत खलिहान की देखभाल सही से नहीं हो पाएगी। इसलिए यदि पास में कहीं बसा दिया जाता तो बड़ी मेहरबानी होती। आश्वासन दिया कि नजदीक जमीन दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बतनेरा, अटहरी एवं पर्वतपुर के प्रधान प्रतिनिधि नेम कुमार अवस्थी और लेखपाल सुमित सिंह एवं रवि प्रकाश से भी बात की।