सफदरगंज थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई घटना, पुलिस बता रही संदिग्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
सफदरगंज (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह सब्जी व्यवसायी से तमंचे के बल पर बदमाशों ने करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर व्यवसायी के चालक को भी पीटा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पूरा दिन छानबीन चलती रही लेकिन शाम तक कोई सुराग नहीं निकला।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के कस्बा इचौली निवासी सब्जी व्यवसायी मो. मुकीम अहमद ने सफदरगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह रोज भोर में ही बाराबंकी नवीन मंडी से सब्जी खरीदने जाते हैं। बृहस्पतिवार को भी मालवाहन लेकर बाराबंकी जा रहे थे। इस दौरान सुबह करीब पौने चार बजे अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर प्रतापगंज व रसौली के बीच में दो-तीन लोगों ने उनका मालवाहन रोकवा लिया। उन लोगों ने आधार कार्ड दिखाने को कहा।
मुकीम ने जैसे ही गाड़ी का शीशा खोला बदमाशों ने दरवाजा खोलकर उसे बाहर खींच लिया। बाहर आते ही एक बदमाश ने कनपटी पर असलहा लगा दिया। बदमाशों ने मुकीम से रुपयो से भरा बैग छीन लिया। उसमे 49 हजार 200 रुपये रखे थे। इस दौरान मालवाहन के चालक ने विरोध किया तो उसकी पिटाई की।
लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश पास में ही खड़ी सफेद कार से भाग गए। मुकीम ने कार का नंबर भी पुलिस को दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हाईवे पर नाकेबंदी करके चेकिंग की मगर कोई सफलता नहीं मिली। सफदरगंज के एसएचओ ब्रजेश कुमार वर्मा ने बताया कि लूट की तहरीर मिली है। प्रथमदृष्टया घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है।