बाराबंकी। एलएलबी विषम सेमेस्टर की परीक्षा में शुक्रवार को दो पालियों में फिर 46 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। यह सभी सिटी लॉ कॉलेज के परीक्षार्थी हैं। यहां पर मुख्य द्वार पर सघन तलाशी के बाद छात्रों को प्रवेश दिया गया। इसके बावजूद कमरों में नकल पहुंच रही है। उड़ाका दल ने सिटी कॉलेज में जांच की।
सिटी लॉ काॅलेज में दो पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे। शुक्रवार को इनकी निगरानी में परीक्षा चल रही थी। यहां पर पहली पाली में सात छात्र नकल करते पकड़े गए। दूसरी पाली में विश्वविद्यालय का सचल दल पहुुंचा और 39 छात्र नकल करते पकड़े गए। सचल दल ने टीआरसी लाॅ कालेज, जस्टिस लाॅ कालेज, अवध लाॅ कालेज में सघन तलाशी ली, लेकिन यहां कोई नकलची पकड़ में नहीं आया।
पहुंची टीम, करीब दो घंटे की जांच
मंगलवार को सिटी लॉ कॉलेज में सामूहिक नकल का वीडियो वायरल हुआ था। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने जांच करने के लिए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। जिसमें विधि संकायाध्यक्ष प्रो. एके राय एवं पर्यावरण विज्ञान के प्रो. सिद्धार्थ शुक्ला को नामित किया था। शुक्रवार को जांच टीम सिटी लॉ कॉलेज पहुंची और सघनता से जांच की और सामूहिक नकल संबंधी साक्ष्य जुटाए। टीम ने करीब दो घंटे जांच की।